नवी मुंबई में बड़ा साइबर फ्रॉड : भारी मात्रा में तकनीकी उपकरण और दस्तावेज जब्त
विदेशी नागरिकों को ठगने वाले फर्जी टेक सपोर्ट कॉल सेंटर का भंडाफोड़, कई गिरफ्तारby: आफताब अहमद
नवी मुंबई (१७ अगस्त २०२६) - नवी मुंबई पुलिस के साइबर सेल ने एक अंतरराष्ट्रीय ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए अवैध रूप से चलाए जा रहे एक फर्जी कॉल सेंटर पर बड़ी कार्रवाई की है। यह गिरोह अमेरिकी और अन्य विदेशी नागरिकों को अपनी तकनीकी सहायता (Tech Support) का झांसा देकर भारी-भरकम रकम ऐंठ रहा था।
कैसे करते थे ठगी?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी खुद को लोकप्रिय तकनीकी कंपनियों (जैसे एप्पल आदि) के कस्टमर केयर रिप्रेजेंटेटिव के रूप में पेश करते थे। वे विदेशी नागरिकों के डिवाइस पर पॉप-अप मैसेज या फेक अलर्ट भेजते थे कि उनका अकाउंट या डिवाइस हैक हो गया है और उसमें कोई खतरनाक वायरस (जैसे CHAMPI) आ गया है।
लोगों में डर और हड़बड़ी पैदा कर आरोपी उन्हें तकनीकी समस्या को ठीक करने के नाम पर महंगे गिफ्ट कार्ड्स (जैसे Apple for Everything गिफ्ट वाउचर) या क्रिप्टोकरेंसी/डिजिटल वॉलेट के जरिए पैसे ट्रांसफर करने के लिए मजबूर करते थे।
पुलिस की छापेमारी और बरामदगी
विश्वसनीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने नवी मुंबई के महापे स्थित मिलेनियम बिजनेस पार्क (Millennium Business Park) में चल रहे इस फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से कई कर्मचारियों और प्रबंधकों को गिरफ्तार किया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में तकनीकी उपकरण और दस्तावेज जब्त किए हैं, जिनमें शामिल हैं:
• कई मोबाइल फोन और भारी संख्या में सिम कार्ड्स
• सर्वर, सीपीयू और लैपटॉप
• विदेशी नागरिकों से बातचीत करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले अंग्रेजी स्क्रिप्ट के प्रिंटआउट
• चेकबुक और अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज
मास्टरमाइंड और नेटवर्क की तलाश जारी -
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह अवैध कॉल सेंटर बिना किसी लाइसेंस के नाइट शिफ्ट में चलाया जा रहा था। पुलिस ने मुख्य आरोपियों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस अंतरराष्ट्रीय ठगी से जुड़े अन्य लिंक्स का पता लगाने के लिए गहन पूछताछ की जा रही है और ठगी की कुल रकम बढ़ने की संभावना है।